देश

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, एक की मौत, 17 घायल

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां एक साथ कई वाहन आपस में टकराए। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। अन्य 17 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के कारण एक्सप्रेसवे पर खालापुर टोल प्लाजा तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर लोनावाला-खंडाला घाट इलाके में एक कंटेनर का ब्रेक फेल हो गया था। यह कंटेनर पुणे से मुंबई जा रहा था। ब्रेक फेल होने के कारण चालक ने कंटेनर से नियंत्रण खो दिया। इससे कंटेनर तेज रफ्तार में आगे बढ़ता चला गया और कई वाहनों को टक्कर मार दी।

बताया जा रहा है कि कंटेनर ने डेढ़ से दो किलोमीटर के दायरे में एक के बाद एक वाहनों को टक्कर मारी, जिसमें छोटे वाहनों को भारी नुकसान हुआ। इस दुर्घटना में 15 से 17 वाहन आपस में टकराए। हादसे की तस्वीरें सामने आईं जिनमें देखा गया कि कई गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए तो बड़े वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और राहत एवं बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से घायलों को निकालकर अस्पतालों में भर्ती कराया। दुर्घटना में एक यात्री की मौत हो गई और करीब 17 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। फिलहाल सभी यात्रियों को खोपोली के अस्पताल में लाया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button