बड़ा हमला : इस्राइली हवाई हमलों में 15 मारे गए

इस्राइली हवाई हमलों में शुक्रवार तड़के गाजा में 15 मारे गए, जबकि मदद का इंतजार कर रहे लोगों पर हुई गोलीबारी में 20 अन्य लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी उस अस्पताल की शवगृह से मिली जिसने उनके शवों को प्राप्त किया। एसोसिएटेड प्रेस ने यह जानकारी दी। नासिर अस्पताल के मुताबिक, इस्राइली हवाई हमलों में 15 लोग मारे गए, जिनमें आठ महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं, जबकि मदद का इंतजार कर रहे 20 अन्य लोग गोलीबारी में मारे गए। इनमें से दो की मौत रफा में मदद वितरण केंद्रों के पास हुई और 18 लोग दक्षिणी गाजा में अन्य स्थानों पर ट्रकों से राहत सामग्री का इंतजार करते हुए मारे गए। यह हमले ऐसे समय में हुए हैं, जब 21 महीने से जारी संघर्ष को रोकने की कोशिशें की जा रही हैं। हमास ने शुक्रवार को कहा कि वह मिस्र और कतर के मध्यस्थों की ओर से पेश किए एक युद्धविराम प्रस्ताव पर अन्य फलस्तीनी गुटों के नेताओं के साथ बातचीत कर रहा है।