छत्तीसगढ़ शासन ने अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने, मानसिक तनाव कम करने और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक अहम निर्णय लिया है। अब राज्य के अधिकारी-कर्मचारी 10 दिवसीय विपश्यना ध्यान शिविर में भाग लेने के लिए विशेष अवकाश प्राप्त कर सकेंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अखिल भारतीय सेवा (IAS, IPS सहित) के अधिकारियों के साथ-साथ राज्य सेवा के अधिकारी-कर्मचारियों को पूरे सेवाकाल में अधिकतम 6 बार “स्पेशल कैजुअल लीव” प्रदान की जाएगी। प्रत्येक शिविर के लिए यात्रा समय सहित अधिकतम 12 दिनों का अवकाश स्वीकृत किया जाएगा।
सरकार का मानना है कि विपश्यना ध्यान शिविर में भाग लेने से कर्मचारियों की मानसिक शांति, एकाग्रता और कार्यक्षमता में सुधार होगा। इसके साथ ही प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को भी मजबूती मिलेगी।
