पिंक ऑटो प्रोजेक्ट के द्वितीय चरण शुरू, 52 महिलाओं को मिला ई-ऑटो, 25 से 30 हजार रुपए प्रतिमाह आय

रायपुर। ई-आटो परिवहन सेवा प्रोजेक्ट ‘पिंक ऑटो’ के द्वितीय चरण का शुभारंभ आज वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया। इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री चौधरी एवं मंत्रीगुरु खुशवंत साहेब ने ऑटो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं बैठक संवारी की।

प्रथम फेस में 20 हजार प्रतिमाह से अधिक आय अर्जित करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया जिसमें ग्राम राखी निवासी श्रीमती चंद्रिका साहू, कोटरा भाटा निवासी शीतू कोशले, ग्राम बेंद्री निवासी रेशम साहू, ग्राम तूता निवासी श्रीमती ज्ञानी बैस शामिल हैं।

प्रथम चरण में 14 ग्राम व 16 ग्राम संगठन की 40 महिलाएं एवं द्वितीय चरण में 23 ग्राम व 25 ग्राम संगठन की 52 महिलाओं को ई ऑटो प्रदान किया गया है।

कार्यक्रम में 52 महिलाओं को आत्मनिर्भरता की चाबी सौंपते हुए पिंक ई-ऑटो प्रदान किए गए। प्रथम चरण में 40 ई-ऑटो प्रदान किए गए थे, जिसके बाद नवा रायपुर क्षेत्र की महिलाएं प्रति माह 25 से 30 हजार रुपए की आय अर्जित कर रही हैं।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि पिंक ऑटो योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल उनकी आय बढ़ी है, बल्कि वे सम्मान के साथ आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने सभी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने एवं उनके पिंक ऑटो के लिए शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर सचिव आवास एवं पर्यावरण अंकित आनंद, एनआरडीए के सीईओ चंदन कुमार, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *