रायपुर। सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए रायपुर यातायात पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ सघन अभियान चलाते हुए एक ही रात में 42 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों पर कार्रवाई की। यह विशेष अभियान 26 जुलाई की रात सहायक पुलिस आयुक्त सतीष कुमार ठाकुर के नेतृत्व में शहर के 9 प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर चलाया गया।
ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच के दौरान 20 कार, 7 पिकअप, 10 ट्रक, 4 दोपहिया और 1 ऑटो मैजिक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। सभी के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 3,753 ड्रंक एंड ड्राइव मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान केवल चालान तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना भी इसका उद्देश्य है।