सऊदी के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमला, 1 भारतीय समेत 2 की मौत

नई दिल्ली। सऊदी अरब में बुधवार देर रात किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए भीषण हमले में दो लोगों की मौत हो गई है। इनमें से एक भारतीय नागरिक है, वहीं आठ घायलों में भी दो भारतीय हैं।

रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने इसकी जानकारी दी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया, “सऊदी अधिकारियों ने जानकारी दी है कि कल रात दम्मम हवाई अड्डे पर हुए हमले में जान गंवाने वाले दो लोगों में से एक भारतीय नागरिक भी शामिल था। वहीं, दो अन्य भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। हम और अधिक जानकारी जुटा रहे हैं और पीड़ित परिवारों से संपर्क कर रहे हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतकों के परिवारों और उनके प्रियजनों के साथ हैं, और हम घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।” इससे पहले देश के राष्ट्रीय उड्डयन नियामक जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (जीएसीए) ने गुरुवार को एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।

बयान के मुताबिक बुधवार देर रात दम्मम स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए भीषण हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। मृतकों में एक सऊदी नागरिक और एक भारतीय नागरिक शामिल हैं।

इसमें आगे घायलों की जानकारी दी गई है। बताया गया है कि इस हमले में 8 लोग घायल हुए हैं। जिनमें एक सऊदी नागरिक, भारत, यमन और बांग्लादेश के दो-दो निवासी, और नेपाल का एक निवासी शामिल है। घायलों को मामूली से लेकर गंभीर चोट आई है। फिलहाल, उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में जरूरी चिकित्सा देखभाल दी जा रही है।

अथॉरिटी ने पुष्टि की है कि वह संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर नुकसान का आकलन कर रही है। साथ ही, यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और देश की नागरिक उड्डयन प्रणाली की सुरक्षा व अखंडता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अथॉरिटी ने यह भी बताया है कि एयरपोर्ट पर कामकाज फिर से शुरू हो गया है और हवाई यातायात सामान्य हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *