पत्नी के चरित्र पर संदेह, लकड़ी के डंडे से वार कर हत्या का आरोप, पति गिरफ्तार

बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोटागहना में पत्नी के चरित्र पर संदेह और पारिवारिक विवाद के चलते पति द्वारा पत्नी की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति रामवृक्ष कोरवा उर्फ पिंटू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जब्त कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 16 अक्टूबर 2026 की है। आरोपी रामवृक्ष कोरवा उर्फ पिंटू का अपनी पत्नी चिंतामणि कोरवा से विवाद हुआ था। बताया गया है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। घटना के दिन पत्नी मोबाइल फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति से बातचीत कर रही थी और अपने दो वर्षीय पुत्र को साथ ले जाने की जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि गुस्से में आकर पति ने घर में रखे लकड़ी के डंडे से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण चिंतामणि कोरवा की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *