आईआरसीटीसी की नई बीटा वेबसाइट, आधुनिक तकनीक और यात्री-केंद्रित डिजिटल परिवर्तन की नई पहल

रायपुर। भारतीय रेलवे ने 15 जुलाई 2026 को नई आईआरसीटीसी बीटा वेबसाइट लॉन्च की। यह भारतीय रेलवे के डिजिटल परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। रेल मंत्रालय के अंतर्गत नवरत्न सार्वजनिक उपक्रम (Navratna PSU) के रूप में आईआरसीटीसी अत्याधुनिक तकनीक एवं आधुनिक डिजाइन से युक्त इस नए डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से देशभर के करोड़ों यात्रियों के लिए रेलवे टिकट आरक्षण को और तेज, सरल एवं विश्वसनीय बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।

यात्रा की योजना बनाने और टिकट बुकिंग को सहज बनाने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नई वेबसाइट को उपयोगकर्ता-केंद्रित अनुभव को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। वेबसाइट का नया इंटरफेस आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करता है, जिसमें वैश्विक डिजाइन ट्रेंड ‘Glassmorphism’ से प्रेरित डिजाइन का उपयोग किया गया है। लॉग-इन से लेकर टिकट कन्फर्मेशन तक पूरी प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित, सहज एवं आकर्षक बनाया गया है। इसके माध्यम से यात्रियों को जानकारी अधिक सुव्यवस्थित एवं आसानी से समझ में आने वाले रूप में उपलब्ध होती है, जिससे टिकट बुकिंग की पूरी प्रक्रिया सरल हो जाती है।

नई वेबसाइट पर बुकिंग प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित एवं तेज बनाया गया है। माह के पहले और दूसरे पखवाड़े के आंकड़ों की तुलना में हालिया आंकड़ों से पता चलता है कि 3 मिनट की तत्काल बुकिंग विंडो में पूरी होने वाली बुकिंग में 5 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि, 5 मिनट की विंडो में 3 प्रतिशत की वृद्धि तथा 30 मिनट की विंडो में 2 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है। ये आंकड़े तेज एवं सुगम टिकट बुकिंग अनुभव प्रदान करने की नई वेबसाइट की क्षमता को दर्शाते हैं।

ऑनलाइन टिकट बुकिंग की हिस्सेदारी भी बढ़कर जुलाई 2026 में 89.84 प्रतिशत हो गई है, जो पिछले महीनों की तुलना में वृद्धि दर्शाती है। ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्रणाली ने यात्रियों को व्यापक डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराकर PRS पर भीड़ एवं दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

यात्रियों से प्राप्त रचनात्मक सुझावों एवं फीडबैक को ध्यान में रखते हुए आईआरसीटीसी ने वेबसाइट पर बार-बार आने वाले CAPTCHA तथा अनावश्यक पॉप-अप संदेशों जैसी बाधाओं को काफी हद तक कम किया है। इससे यात्रियों को बिना अनावश्यक व्यवधान के अधिक सहज एवं निर्बाध डिजिटल अनुभव प्राप्त हो रहा है तथा वे अपना पूरा ध्यान टिकट बुकिंग प्रक्रिया पर केंद्रित कर सकते हैं।

नई वेबसाइट के इंटरफेस में विभिन्न यात्रा श्रेणियों—जैसे स्लीपर, एसी 3-टियर एवं एसी 2-टियर—की उपलब्धता संबंधी जानकारी को एक ही स्क्रीन पर समेकित किया गया है। इससे यात्री विभिन्न विकल्पों की एक नजर में तुलना कर सकते हैं, बार-बार अलग-अलग पेज पर जाने की आवश्यकता कम होती है तथा वे अपनी यात्रा के लिए उपयुक्त विकल्प का तेजी से चयन कर सकते हैं।

भारतीय रेलवे एवं आईआरसीटीसी द्वारा नई बीटा वेबसाइट को मुख्य रूप से निम्न उद्देश्यों के साथ लॉन्च किया गया है—

(क) उपयोगकर्ता इंटरफेस को बेहतर एवं अधिक सहज बनाना।

(ख) यात्री अनुभव को और बेहतर बनाना।

(ग) NGeT IRCTC प्लेटफॉर्म पर टिकट बुकिंग एवं उससे जुड़ी अन्य सेवाओं के लिए अधिक सहज, सुगम एवं बेहतर डिजिटल अनुभव उपलब्ध कराना।

आईआरसीटीसी की नई बीटा वेबसाइट का शुभारंभ केवल वेबसाइट के स्वरूप में बदलाव नहीं, बल्कि ऑनलाइन रेलवे आरक्षण के पूरे अनुभव को नए सिरे से बेहतर बनाने की व्यापक पहल है। यह प्लेटफॉर्म भविष्य में होने वाले डिजिटल नवाचारों के लिए मजबूत आधार तैयार करता है, जिसका उद्देश्य रेलवे टिकट आरक्षण को पहले से अधिक तेज, सरल एवं विश्वसनीय बनाना है।

वेबसाइट के उन्नयन की प्रक्रिया निरंतर जारी है। यात्रियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर सिस्टम को लगातार बेहतर एवं परिष्कृत किया जाएगा, ताकि उपयोगकर्ताओं को और अधिक सुविधाजनक एवं उत्कृष्ट डिजिटल अनुभव प्रदान किया जा सके।

इस डिजिटल परिवर्तन के माध्यम से भारतीय रेलवे यात्री सुविधा एवं संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विश्वस्तरीय सेवाएं उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत कर रहा है।

******

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *