रायपुर। गणेश झांकी चल समारोह को लेकर रायपुर यातायात पुलिस ने शहर में यातायात डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था जारी की है। 28 सितंबर को होने वाले झांकी चल समारोह के दौरान शाम 6 बजे से झांकी मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान केवल झांकी और पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति होगी।
झांकी शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेव घाट विसर्जन स्थल तक पहुंचेगी। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जरूरी काम होने पर इन मार्गों से बचते हुए निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।
टाटीबंध की ओर से आने वाले वाहन महोबा बाजार, चौबे कॉलोनी, समता कॉलोनी, तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन चौक, फाफाडीह चौक और शास्त्री चौक की ओर जा सकेंगे। वैकल्पिक रूप से रिंग रोड नंबर-1 और पचपेड़ी नाका मार्ग का भी उपयोग किया जा सकेगा।
भनपुरी की ओर से आने वाले वाहन फाफाडीह चौक, रेलवे स्टेशन चौक और तेलघानी नाका होते हुए टाटीबंध की ओर जा सकेंगे। वहीं फाफाडीह से शास्त्री चौक, कालीबाड़ी और पचपेड़ी नाका की ओर भी आवागमन किया जा सकेगा। तेलीबांधा की ओर से आने वाले वाहन शास्त्री चौक, फाफाडीह, रेलवे स्टेशन या कालीबाड़ी मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे।
पचपेड़ी नाका की ओर से आने वाले वाहनों के लिए टिकरापारा चौक, कालीबाड़ी चौक, महिला थाना, शास्त्री चौक, फाफाडीह चौक और रेलवे स्टेशन की ओर जाने का मार्ग निर्धारित किया गया है।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक, आश्रम तिराहा से शारदा चौक और जयस्तंभ चौक, सुभाष नगर चौक-मौदहापारा से जयस्तंभ चौक, फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली, बुढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली, लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना, बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना तथा कंकालीपारा से सदर बाजार-कोतवाली मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल
यातायात पुलिस ने झांकी देखने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के अनुसार पार्किंग स्थल तय किए हैं। पंडरी की ओर से आने वाले लोग मल्टीलेवल पार्किंग और रजबंधा मैदान की गलियों में वाहन पार्क कर सकेंगे। सिविल लाइन की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शास्त्री मार्केट, सीरत मैदान और सुभाष स्टेडियम के किनारे पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। टिकरापारा और कालीबाड़ी की ओर से आने वाले लोग सप्रे शाला मैदान, इंडोर स्टेडियम और गांधी मैदान में वाहन पार्क कर सकेंगे। गुढ़ियारी और समता कॉलोनी की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भैंसथान मैदान और जवाहर मार्केट पार्किंग निर्धारित की गई है। वहीं सुंदरनगर और रायपुरा की ओर से आने वाले लोग लाखेनगर चौक स्थित हिंद स्पोर्ट्स मैदान में वाहन पार्क कर सकेंगे। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि 28 सितंबर को शाम 6 बजे के बाद निर्धारित डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें। प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन न ले जाएं और यातायात पुलिस के निर्देशों में सहयोग करें, ताकि झांकी में शामिल श्रद्धालुओं के साथ आम नागरिकों की आवाजाही भी सुरक्षित और सुगम बनी रहे।