एनएमडीसी के सहयोग से युवाओं को मिलेगा निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण

दंतेवाड़ा। बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा एवं बस्तर जिले के जनजातीय युवक-युवतियों को तकनीकी कौशल से जोड़कर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एनएमडीसी द्वारा चार माह का निःशुल्क आवासीय अल्पकालिक प्रमाणपत्र प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रायोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम एनएमडीसी के नैगमिक सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत बेंगलुरु स्थित नेत्तूर टेक्निकल ट्रेनिंग फाउंडेशन के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इनमें अनुसूचित जनजाति वर्ग की युवतियों के लिए असिस्टेंट इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक तथा युवकों के लिए असिस्टेंट मशीनिस्ट पाठ्यक्रम संचालित किया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में आवेदन के लिए अभ्यर्थी का बस्तर अथवा दंतेवाड़ा जिले का मूल निवासी होना आवश्यक है। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं कक्षा उत्तीर्ण तथा निर्धारित आयु सीमा 18 से 24 वर्ष है। कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित प्रशिक्षणार्थियों को चार माह का निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित पंजीयन केंद्र पर संपर्क कर सकते हैं। दंतेवाड़ा जिले के अभ्यर्थियों के लिए संपर्क केंद्र ऑडिटोरियम हॉल, बीआईओपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बीआईओएम किरंदुल कॉम्प्लेक्स, तथा बस्तर जिला के लिए एनएमडीसी डीएवी निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नगरनार पंचायत भवन के पास, नगरनार, जिला बस्तर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *