अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला 2026 में रेल मंत्रालय के मंडप को मिला रजत पुरस्कार

नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF) 2026 में रेल मंत्रालय के मंडप को रजत पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस वर्ष मेले की थीम “विकास और विरासत” थी।

भारतीय रेलवे के मंडप को आगंतुकों एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों से व्यापक सराहना प्राप्त हुई। मंडप में आधुनिक रेल अवसंरचना, अत्याधुनिक इंजीनियरिंग तथा यात्री-केंद्रित सुविधाओं के क्षेत्र में भारतीय रेलवे की उल्लेखनीय प्रगति को प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण नव-प्रारंभ की गई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का प्रदर्शन रहा। यह ट्रेन बेहतर संरक्षा, आराम एवं आधुनिक सुविधाओं के साथ लंबी दूरी की रात्रिकालीन यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई है। इसके साथ ही भारतीय रेलवे के विभिन्न रेल नेटवर्क पर संचालित विविध प्रकार की ट्रेनों के आकर्षक मॉडल भी प्रदर्शित किए गए।

यह सम्मान भारतीय रेलवे की उस निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है, जिसके तहत विरासत और नवाचार का समन्वय करते हुए देशवासियों को तेज, संरक्षित एवं विश्वस्तरीय रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *