मुंबई। लव फिल्म्स की मराठी फिल्म ‘तू आहेस ना’ का 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में गाला प्रीमियर शानदार रहा। गोवा में हुई स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म को दर्शकों का उत्साहपूर्ण रिस्पॉन्स मिला। भावुक पलों और तालियों की गूंज के बीच फिल्म की कहानी और कलाकारों की परफॉर्मेंस ने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी। स्क्रीनिंग में 450 से अधिक लोग मौजूद रहे।
इस खास मौके पर फिल्म की मुख्य अभिनेत्री सुप्रिया पिलगांवकर और अभिनेता सिद्धार्थ बोडके के साथ लेखक-निर्देशक दीपक गावड़े और निर्माता अंकुर गर्ग भी मौजूद रहे। फिल्म की कहानी आगे बढ़ने के साथ दर्शकों से जुड़ती गई। इसके भावनात्मक दृश्यों और किरदारों के चित्रण का असर पूरे ऑडिटोरियम में महसूस किया गया। सुप्रिया और सिद्धार्थ की अदाकारी को खास तौर पर सराहना मिली।
सुप्रिया पिलगांवकर ने बताया फिल्म से जुड़ने का कारण
प्रीमियर के अनुभव पर बात करते हुए सुप्रिया पिलगांवकर ने कहा कि IFFI में फिल्म का चयन इसे दर्शकों तक पहुंचाने का शानदार अवसर है। उन्होंने बताया कि एक निजी अनुभव के कारण वह फिल्म की कहानी से जुड़ाव महसूस कर पाईं और यही इसकी सबसे बड़ी वजहों में से एक थी। अभिनेत्री ने लव रंजन और अंकुर गर्ग की भी सराहना की, जिन्होंने मराठी में इतनी संवेदनशील कहानी का समर्थन किया। उनके मुताबिक, दीपक गावड़े का कहानी कहने का अंदाज, मजबूत स्क्रिप्ट और अपनी कहानी पर उनका भरोसा फिल्म से जुड़ने के अहम कारण रहे।