गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुलिस चौकी रामनगर की संयुक्त टीम ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने ज्वेलर्स दुकान की दीवार में छेद कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे। मामले का मास्टरमाइंड विशाल सचदेव बताया गया है।
दो रात में दिया चोरी की वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी से पहले ज्वेलर्स दुकान की रेकी की थी। इसके बाद 26-27 सितंबर की रात दुकान की दीवार में आधा छेद किया गया और आरोपी वापस लौट गए।
इसके बाद 29-30 सितंबर की दरम्यानी रात आरोपी दोबारा दुकान के पास पहुंचे। पहले से किए गए छेद को बड़ा कर दुकान के अंदर दाखिल हुए और डिस्प्ले में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए।
दुकान खोलने पहुंचा संचालक तो सामने आया मामला
ज्वेलर्स संचालक सुनील जैन ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 29 सितंबर की रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 10:30 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा मिला।
दुकान की दाहिनी तरफ की दीवार की प्लाई गिरी हुई थी और दीवार में बड़ा छेद था। डिस्प्ले में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी गायब थे। इसके बाद उन्होंने गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई।