छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थल और ‘छोटा तिब्बत’ के नाम से मशहूर मैनपाट में सैलानियों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था को ताक पर रखकर हुड़दंग मचाने वाले बाइकर गैंग पर कमलेश्वरपुर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मैनपाट के विभिन्न पर्यटन पॉइंट से घेराबंदी कर 60 से अधिक बाइकों को जब्त किया है और उनके चालकों को पकड़ा है।
पर्यटकों की शिकायत पर पुलिस ने बिछाया जाल मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ समय से मैनपाट के शांत और प्राकृतिक माहौल में तेज रफ्तार, खतरनाक स्टंट और बाइकों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज (पटाखा साउंड) निकालने वाले युवकों की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इससे न केवल स्थानीय निवासी परेशान थे, बल्कि दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों में भी हादसे और दहशत का माहौल बना हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कमलेश्वरपुर पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया।