रायपुर। छत्तीसगढ़ में सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में राजस्व विभाग से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कबीरधाम जिले के पिपरिया तहसीलदार प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
समीक्षा बैठक के दौरान सामने आया कि तहसीलदार प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी ने सीएम हेल्पलाइन से जुड़ी शिकायतों के निराकरण में गंभीर लापरवाही और स्वेच्छाचारिता बरती। शासन ने इस कृत्य को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 का उल्लंघन माना है। इसके बाद राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 (1) (क) के तहत निलंबन का आदेश जारी किया।
जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी का मुख्यालय जिला कबीरधाम निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।